बैतूल , अगस्त 02 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक रेलवे कर्मचारी ने ट्रेन के सामने कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। मृतक जबलपुर रेलवे स्टेशन पर क्लर्क के पद पर कार्यरत था।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बैतूल के चंद्रशेखर वार्ड निवासी नीलेश पुत्र आनंदराव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कल शाम सोनाघाटी रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह कुछ देर तक रेलवे लाइन के किनारे खड़ा रहा और ट्रेन के नजदीक आते ही अचानक उसके सामने कूद गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मृतक की बाइक भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि, युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।

पुलिस मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित