श्रीगंगानगर , मई 26 -- राजस्थान में बीकानेर जिले के अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर सोमवार रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर रेलवे क्रॉसिंग के मजबूत लोहे के ढांचे से टकराकर आग के गोले में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे पल्लू की ओर से अरजनसर जा रहा ग्रिट (गिट्टी) से लदा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और अरजनसर रेलवे केबिन के पास स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग के मजबूत लोहे के ढांचे से टकरा गया।
टक्कर से ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह चरमरा गया और पलक झपकते ही उसमें आग की लपटें भड़क उठीं। देखते-ही-देखते पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। उससे पहले ही चालक ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गये। उन्होंने पानी के टैंकरों का इस्तेमाल करके आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया और बड़ी घटना से बचा लिया। घटनास्थल के महज कुछ मीटर की दूरी पर 11 केवी की बिजली लाइन के खंभे और रेलवे की इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग सिस्टम मौजूद थे। आग और फैलती तो बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ रेलवे ट्रैफिक भी प्रभावित हो सकता था। ग्रामीणों की मशक्कत से आग को काफी हद तक काबू में रखा गया। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद सूरतगढ़ और श्रीगंगानगर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित