नयी दिल्ली , सितंबर 29 -- भारतीय रेल ने मेरठ शहर को खुर्जा और सहारनपुर से जोड़ने वाली दो मेमू सेवाएं शुरू करने की स्वीकृति प्रदान की है जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यावसायिक रूप में महत्वपूर्ण इन तीन कस्बों के बीच लोगों के आने-जाने की किफायती सुविधा मिलेगी ।

भारतीय रेल की ओर से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि ट्रेन नंबर 64573/64574 खुर्जा-मेरठ शहर मेमू और ट्रेन नंबर 64580/64579 सहारनपुर-मेरठ शहर मेमू के तौर पर चलेंगी।

विज्ञप्ति के अनुसार खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू नंबर 64573 खुर्जा से 13:15 बजे चलेगी और 17:20 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 64574 मेरठ सिटी-खुर्जा मेमू मेरठ सिटी से 11:25 बजे रवाना होगी और 16:00 बजे खुर्जा पहुंचेगी। ये ट्रेने रास्ते में आने वाले सभी स्टेशनों पर रोकी जाएंगी।

सहारनपुर-मेरठ सिटी के बीच मेमू ट्रेन नंबर 64580 सहारनपुर से 05:50 बजे चलेगी और 08:10 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी, यह यात्रा 2 घंटे 20 मिनट में पूरा करेगी। वापसी में, यह ट्रेन संख्या 64579 के साथ मेरठ सिटी- से 17:45 बजे रवाना होगी और 20:40 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। ये ट्रेनें भी रास्ते में सभी वाणिज्यिक स्टेशनों पर रूकेंगीरेलवे ने कहा है कि ये दोनों सेवाएं यात्रियों को यात्रा के और विकल्प देंगी और मेरठ शहर के आस-पास क्षेत्रीय रेल यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित