प्रयागराज , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार शाम सिविल लाइंस स्थित रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवाब यूसुफ रोड स्थित रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में शाम करीब चार बजे प्रमिला देवी उर्फ पिंकी मौर्य (45) नामक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला की इस कार्रवाई से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
महिला का आरोप है कि एक पुलिस उपनिरीक्षक ने उससे विवाह का आश्वासन देकर संबंध बनाए और बाद में विवाह करने से इंकार कर दिया। इस संबंध में उसने संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का कहना है कि मामले में आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है और वह संबंधित पुलिसकर्मी को मौके पर बुलाने की मांग कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइंस) विद्युत गोयल, स्थानीय पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि महिला विवाहित है। समाचार लिखे जाने तक उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित