मऊ , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आयोजित रेलवे के एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा और स्थानीय सांसद राजीव राय के बीच राजनीतिक तल्खी सार्वजनिक रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने औपचारिक रूप से एक-दूसरे का अभिवादन किया, लेकिन भाषणों और समर्थकों की प्रतिक्रिया के बीच माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।

पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से आयोजित इस समारोह में नई रेल सेवाओं के शुभारंभ, मार्ग विस्तार और ट्रेन नियमितीकरण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया था। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी छपरा से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े थे, जबकि मऊ जंक्शन पर कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा और सांसद राजीव राय मौजूद रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांसद राजीव राय के संबोधन के दौरान कुछ समर्थकों द्वारा नारेबाजी और हूटिंग की गई। बाद में कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के भाषण के दौरान भी समर्थकों की ओर से जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसी बीच मंत्री द्वारा की गई एक टिप्पणी पर सांसद राजीव राय नाराज होकर मंच से नीचे उतरने लगे। हालांकि रेलवे अधिकारियों और अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें शांत कराया गया और कार्यक्रम आगे बढ़ा।

गौरतलब है कि पिछले महीने दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच विवाद और झड़प की घटना सामने आई थी। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम से पहले सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की जांच के बाद ही उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया गया।

घटना के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने सार्वजनिक मंचों पर शालीनता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे लेकर सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा।

कार्यक्रम अंततः शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और रेलवे की नई सेवाओं का शुभारंभ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित