, March 17 -- कांग्रेस के कुलदीप इंदौरा ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में सुपरफास्ट ट्रेन नहीं चल रही है। उन्होंने राजस्थान में भी सुपरफास्ट ट्रेन तथा वंदेभारत रेल चलाने की मांग की और कहा कि राज्य में रेल लाइनों से संबंधित जो कार्य चल रहे हैं उन पर समय पर काम कराया जाना चाहिए।
सपा के आर. के. चौधरी ने कहा कि काकोरी शहीद स्थल है क्रांतिकारियों की धरती है इसलिए काकोरी रेलवे स्टेशन का उन्नयन होना चाहिए और काकोरी से गुजरने वाली हर छोटी बड़ी ट्रेनों को यहां स्टॉपेज दिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इससे पूरे देश के लोगों को क्रांतिकारियों की इस धरती के बारे में जानकारी भी मिल सकेगी।
भाजपा के रवींद्र शुक्ला उर्फ रवि किशन ने कहा कि बालीवुड के कलाकार पहले रेलवे से सफर नहीं करते थे लेकिन आज पर्याप्त सुविधा होने के कारण बालीवुड के कलाकार रेल से सफर करने लगे हैं और सेल्फी भी खिंचवा रहे हैं। कलाकार चाव से रेल में खींची गई सेल्फी को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर को महत्वपूर्ण स्टेशन बताते हुए कहा कि गोरखपुर से दिल्ली, मुंबई तथा गोवा के लिए स्पेशल वंदेभारत ट्रेन चलाई जानी चाहिए।
भाजपा के ही चंद्र प्रकाश जोशी ने कहा कि पिछले 12 साल में रेलवे में जो काम हुआ है उससे गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या से अहमदाबाद के लिए लंबे समय से लोग रेल की मांग कर रहे थे और अब इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन चल रही है। राजस्थान में रेलवे के विकास के लिए सर्वाधिक पैसा मिला है। भाजपा के तापिर गाव ने पूर्वोत्तर में रेलवे को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में रेलवे तंत्र स्थापित करने के लिए अच्छी राशि दी गई है। उनका कहना था कि रेल मंत्रालय ने मिजोरम तक रेल पहुंचाने का काम किया है और यह काम सपना जैसा हुआ है। मिजोरम तक रेलवे पहुंचाने का असाधारण काम हुआ है।
सपा के राम शिरोमणि त्रिपाठी ने टिकट कंफर्म नहीं होने को बहुत बड़ी समस्या बताया और कहा कि सरकार को इस दिशा में कदम उठाना चाहिए। उनका यह भी कहना था कि रेलवे स्टेशनों पर लोगों की खाने की व्यवस्था भी होनी चाहिए। भाजपा के जगदीश शेट्टर ने अंकोला लाइन को स्वीकृत करने तथा बंगलूर की लाइन को पूरा करने की मांग की।
कांग्रेस के एम. के. विष्णु प्रसाद ने कहा कि ताम्ब्रम से यदुरम तक चलाया जाना चाहिए और बृद्धाचलम तक इसको सुबह इस तरह से चलाया जाना चाहिए ताकि लोग समय पर चेन्नई पहुंच सके। उन्होंने कहा कि रेलों में स्वच्छता को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाना चाहिए और इसमें सुधार के और भी विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए। सपा के वीरेंद्र सिंह ने कहा कि चंदौली से लखनऊ तक कोई ट्रेन नहीं है। उन्होंने अपने क्षेत्र में कई जगह अंडर पास नहीं होने की शिकायत की और इन पर ध्यान देने का आग्रह किया।
भाजपा के मुकेश कुमार चंद्रकांत दलाल ने कहा कि एलिवेटेड मार्ग की उन्होंने मांग रखी थी लेकिन अभी तक भूमि ग्रहण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जामनगर बडोदरा एक्सप्रेस को सूरत तक बढाया जाना चाहिए और शताब्दी एक्सप्रेस का समय बदला जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित