भीलवाड़ा , अगस्त 04 -- राजस्थान जिले के गठिला ग्राम पंचायत क्षेत्र में आबादी वाले इलाकों के लिए रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन पर लोहे की चादरों की बैरिकेडिंग किये जाने के बाद से उनका मुख्य मार्ग बाधित हो गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि गठिला ग्राम पंचायत के ब्रांडेड शोरूम के पीछे स्थित श्रवण नगर और आस-पास के गांवों जैसे बीड का खेड़ा, माधोपुर, भोली आदि का मंडपिया-चित्तौड़ औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ने का यह एकमात्र पुराना रास्ता है।

केंद्र सरकार की योजना के तहत पशुओं के बचाव के लिए रेलवे ट्रैक के दोनों ओर अवरोधक लगा दिये गये हैं और नयी लाइन भी डाली जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम सही है, लेकिन इससे ग्रामीणों का रास्ता जोखिम भरा हो गया है। श्रवण नगर में करीब 150 परिवार निवास करते हैं जिनका हर समय आना-जाना इसी रास्ते से होता है।

ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे पटरी पार करना बेहद जोखिमभरा है। मंडपिया और गठिलाखेड़ा स्थित स्कूलों में जाने वाले बच्चे इसी पटरी को पैदल पार करते हैं। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस के नहीं पहुंच पाने के कारण प्रसूताओं और मरीजों को भारी परेशानी होती है। पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और हमेशा अनहोनी का डर बना रहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित