छपरा , जून 18 -- केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को सारण जिला मुख्यालय के छपरा जंक्शन से सप्ताह में एक दिन आनन्द बिहार रेलवे स्टेशन जाने वाली नई रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रेलमंत्री शुक्रवार की सुबह पटना से छपरा जंक्शन पर पहुंचेंगे, जहां वह सप्ताह में एक दिन छपरा जंक्शन से आनन्द बिहार जाने वाली रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उसके बाद रेलमंत्री मढ़ौरा में बन रहे डीजल इंजन कारखाना का निरीक्षण करने के लिए मढ़ौरा भी जायेंगे।

सूत्रों ने बताया कि रेलमंत्री के कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित अन्य सांसद एवं विधायक भी शामिल होंगे।

इस बीच सारण प्रमंडल की जनता ने रेलमंत्री के आगमन पर उनसे मांग की है कि सिवान और गोपालगंज जिले से बिहार की राजधानी पटना के लिए सुबह और शाम में ट्रेन की सेवा शुरू की जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित