छपरा. , जून 19 -- केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन से आनन्द बिहार स्टेशन के लिए सप्ताह में एक दिन जाने वाली रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सोनपुर, तरैया, अमनौर, बनियापुर, मांझी, छपरा सहित अन्य विधायक भी उपस्थित थे।

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र की सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहार में रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने के साथ-साथ नई ट्रेनों का संचालन और स्टेशनों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भारतीय रेल की अहम भूमिका है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि छपरा से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा और इस नई रेलगाड़ी के संचालन से रोजगार, शिक्षा, व्यवसाय और इलाज के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों ने नई सेवा की विशेषताओं और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी।

इससे पहले सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने रेलमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच रेलमंत्री ने सारण की जनता को उपहार देने स्वयं आये है, जिसके लिए क्षेत्र की जनता की तरफ से वह आभार प्रकट करते हैं।

समारोह में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने रेलमंत्री से पूर्वोत्तर रेलवे के गोपालगंज, सिवान और सारण जिले से प्रतिदिन पटना जा कर कार्यालय का काम कर पुनः अपने घर वापस लौटने के लिए एक रेलगाड़ी ट्रेन चलाने की मांग की।

इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड सहित अन्य दल के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित