नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- रेनो ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली भारतीय इकाई रेनो इंडिया ने शुक्रवार को अपने डस्टर स्ट्रांग हाइब्रिड ई-टेक 160 को आधिकारिक तौर पर भारतीय बाजार में उतारा।

कंपनी ने बताया कि इसकी एक्स-शोरूम कीमत 16.99 लाख रुपये से 19.49 लाख रुपये रखी गई है। इसमें 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4 किलोवाट आवर की बैटरी है, जो कुल मिलाकर 160 पीएस की शक्ति देती है। रेनो डस्टर स्ट्रांग हाइब्रिड ई-टेक 160 का माइलेज 29 किमी/लीटर है। इसलिए आम तौर पर जो लोग माइलेज के लिए डीजल इंजन पसंद करते हैं, उनके लिए यह पेट्रोल इंजन में एक बेहतरीन विकल्प बन सकता है।

एक इंटेलिजेंट मल्टी-मोड ट्रांसमिशन ड्राइविंग की स्थितियों के अनुसार पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर पर अपने-आप स्विच करता है। यह सिस्टम सही स्थितियों में इलेक्ट्रिक पावर का इस्तेमाल कर सकता है, गति कम करने और ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा बचा सकता है। गाड़ी चलाते समय बैटरी चार्ज होती है और इसे बाहरी चार्जिंग की जरूरत नहीं होती है।

इवॉल्यूशन स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 की एक्स-शोरूम कीमत 16.99 लाख रुपये रखी गई है। टेक्नो स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 की कीमत 18.99 लाख रुपये और इमोशन स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 की कीमत 19.49 रुपये है। इनका निर्माण कंपनी के चेन्नई स्थित संयंत्र में किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित