भिंड , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले के लहार अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) के निर्देश पर असवार थाना क्षेत्र के गिरवासा गांव में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
कल रात तहसीलदार और असवार थाना प्रभारी ने सिंध नदी पर बने एक अस्थायी पुल को तोड़ दिया और रेत परिवहन रोकने के लिए रास्ते में जेसीबी से गहरे गड्ढे खुदवाए।
लहार एसडीएम विजय सिंह यादव को गिरवासा गांव में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने तहसीलदार दीपक शुक्ला और असवार थाना प्रभारी नितेन्द्र मावई को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचकर रेत माफिया द्वारा बनाए गए अस्थायी पुल को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार रेत माफिया गिरवासा में सिंध नदी पर अस्थायी पुल बनाकर रात के समय बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन करते थे। स्थानीय पुलिस से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को इसकी जानकारी होने के बावजूद, पहले कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान, मौके पर अवैध रूप से भंडारित की गई लगभग 20 ट्रॉली रेत को जेसीबी की सहायता से नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 15 से 20 ट्रॉली रेत को भरकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।
इस संबंध में एसडीएम विजय सिंह यादव ने आज बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित