मुरैना , मई 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस और प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन तथा परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंबल नदी के रायड़ी घाट पर बने मिट्टी के पुल को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस पुल का उपयोग लंबे समय से रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अवैध रेत परिवहन के लिए किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में टेंटरा पुलिस, वन विभाग और एसएएफ की संयुक्त टीम ने रायड़ी घाट क्षेत्र में योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए मिट्टी के पुल को नष्ट कर दिया। साथ ही कई स्थानों पर गहरे गड्ढे खुदवाकर रास्तों को अवरुद्ध किया गया, ताकि रेत माफिया दोबारा इन मार्गों का उपयोग नहीं कर सकें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य चंबल क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित