मुरैना , जून 8 -- मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने चंबल संभाग के मुरैना, भिण्ड और श्योपुर जिलों में रेत के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्री जैन ने आज सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चंबल संभाग के कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चंबल अभ्यारण्य क्षेत्र सहित नदियों से होने वाले अवैध रेत उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बिना नंबर वाले वाहनों को तत्काल जब्त करने, अवैध परिवहन मार्गों पर नाकेबंदी बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने को कहा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि चंबल अभ्यारण्य क्षेत्र और अन्य संवेदनशील घाटों पर आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं और प्रभावी जांच चौकियां बनाई जाएं।
मुख्य सचिव ने जिला स्तर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और वनमंडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस, परिवहन, खनिज, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण एवं सघन अभियान चलाएं।
उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से डंप की गई रेत का नियमानुसार विनिष्टीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में चंबल संभाग के आयुक्त सुरेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक सचिन कुमार अतुलकर, मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, वनमंडलाधिकारी हरीशचंद्र बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि बिना नंबर वाले वाहनों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए तथा चंबल नदी के घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अवैध खनन के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित