श्रीगंगानगर , मई 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में जमीन में दफनाया गया एक अज्ञात युवती का नरकंकाल बरामद हुआ है।

पुलिस को आशंका है कि किसी ने इस युवती की हत्या कर उसके शव को टिब्बों में गाड़ दिया गया। यह घटना चक 2-एफएम फूलेवाला गांव की आबादी से कुछ दूर रेतीले सुनसान टिब्बा क्षेत्र की है। बुधवार शाम को गांव का एक पशुपालक अपने भटके हुए पालतू पशुओं को ढूंढते हुए रेतीले टिब्बों की ओर गया। वहां उसे आधा नरकंकाल जमीन में दबा हुआ और बाकी हिस्से की हड्डियां इधर-उधर बिखरी हुई मिलीं। उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और अन्य जांच दलों को भी बुला लिया गया।

मौके पर गहन जांच के बाद बिखरे हुए नरकंकाल को इकट्ठा करके नई मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर ले जाया गया। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाने के बाद पता चला कि यह 25 से 30 वर्ष आयु की युवती का नरकंकाल है। चिकित्सकों ने अनुमान जताया कि शव डेढ़ से दो महीने पहले जमीन में दफनाया गया था। पुलिस का मानना है कि आवारा कुत्तों ने शव को खोदकर नोचना शुरू कर दिया था, जिस वजह से ऊपरी हिस्सा बाहर निकल आया जबकि निचला हिस्सा जमीन में दबा रहा।

थाना प्रभारी देवीलाल सहारण ने बताया कि युवती के डीएनए नमूने ले लिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित