चंडीगढ़ , जून 11 -- हरियाणा सरकार ने सरस्वती नदी परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में कदम तेज कर दिये हैं। सरकार का दावा है कि परियोजना पूरी होने से किसानों को सिंचाई के लिए अधिक पानी उपलब्ध होगा। रेणुका बांध परियोजना का निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और आदि बद्री बांध का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
सरस्वती नदी बोर्ड के अधिकारियों ने उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमाच के नेतृत्व में एचपीपीएल बांध परियोजना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर रेणुका और आदि बद्री बांध परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आदि बद्री बांध और उससे जुड़े बैराज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
धूमन सिंह किरमाच ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के तहत दोनों परियोजनाएं निविदा प्रक्रिया के अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सरकार इन परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे राज्य के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से सरस्वती नदी में जल प्रवाह बढ़ा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के किसानों को लाभ मिल रहा है। सरस्वती नदी परियोजना को राज्य की दीर्घकालिक जल प्रबंधन रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके सफल क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से रेणुका बांध परियोजना का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद हरियाणा में जल आपूर्ति बढ़ने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित