ऋषिकेश , जुलाई 10 -- उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश की चेतावनी के बीच गढ़वाल मंडल में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट तथा अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों, आपदा प्रबंधन अधिकारियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
आयुक्त स्वरूप ने कहा कि बारिश के कारण कहीं भी जलभराव, भूस्खलन अथवा सड़क बंद होने की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। सभी अधिकारी एवं राहत-बचाव दल अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी मार्ग पर मलबा आने से यातायात बाधित होता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तुरंत खोलने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रहें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने से किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित