विशाखापत्तनम , फरवरी 22 -- तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के शासनकाल में 'हिंदू धर्म और भावनाओं के प्रति बहुत कम सम्मान' मिला था और अब वे केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए धर्म का सहारा ले रहे हैं।
श्री राव ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए वाईएसआरसीपी पर आस्था के विषयों को दलगत लामबंदी के हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'जो लोग सत्ता में रहते हुए हिंदू संस्थानों की गरिमा बनाये रखने में विफल रहे, वे आज चुनावी लाभ के लिए धार्मिकता का चोला ओढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।'उन्होंने आरोप लगाया कि पवित्र स्थल तिरुमला मंदिर परिसर के भीतर राजनीतिक हस्तियों का महिमामंडन करने वाले नारों ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि मंदिर की 'माडा' गलियों में जूते पहनकर घूमना भी स्थापित परंपराओं और आध्यात्मिक मर्यादा के प्रति अनादर को दर्शाता है।
श्री राव ने मंदिर के 'परकमणि' (चढ़ावा गणना अनुभाग) से विदेशी मुद्रा की चोरी की खबरों का भी उल्लेख किया और सवाल उठाया कि कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि दोषियों को संरक्षण देना मिलीभगत के समान है।
तेदेपा नेता ने मंदिर के प्रसिद्ध 'लड्डू प्रसादम' को तैयार करने में कथित तौर पर मिलावटी घी के उपयोग से जुड़े विवाद को 'अत्यधिक विचलित करने वाला' बताया। उन्होंने कहा कि प्रसादम की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता संस्थान की विरासत को कलंकित करने के समान है।
श्री राव ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वाईएसआरसीपी के कार्यकाल में राज्य भर के मंदिरों पर 300 से अधिक हमले हुए। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार ने इस स्थिति में वह तत्परता और नैतिक स्पष्टता नहीं दिखाई जिसकी जरूरत थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित