भोपाल , फरवरी 22 -- भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की जिला शाखा भोपाल की वार्षिक आम सभा रविवार को कलेक्टर कार्यालय भोपाल के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर के प्रतिनिधि एडीएम प्रकाश नायक ने की। उनका स्वागत जिला रेडक्रॉस के चेयरमैन बृजकिशोर सांघी ने किया।

सभा में शाखा सचिव एडवोकेट प्रमोद सक्सेना ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन रखा। प्रतिवेदन में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, आपदा राहत कार्य, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तथा सामाजिक सहायता कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया। वित्त समिति अध्यक्ष राकेश वर्मा ने कोष संबंधी विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सभा में अनुमोदित किया गया।

बैठक के दौरान जिला शाखा का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए पाँच सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति में राधेश्याम पाण्डेय, दिनेश शुक्ल, रवि चतुर्वेदी, राहुल पचौरी और ओमशंकर श्रीवास्तव को शामिल किया गया।

इसके साथ ही इतवारा सेंट्रल लाइब्रेरी भवन स्थित पुराने कार्यालय परिसर में रेडक्रॉस डिस्पेंसरी एवं जन औषधि केन्द्र प्रारंभ करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभा अध्यक्ष द्वारा भोपाल जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जन औषधि केन्द्र के साथ एम्बुलेंस सुविधा प्रारंभ करने का सुझाव भी रखा गया, जिसे समर्थन प्राप्त हुआ। नए भोपाल क्षेत्र में शाखा कार्यालय हेतु शासकीय भवन उपलब्ध कराने के लिए शासन से अनुरोध करने का निर्णय भी लिया गया।

सभा में राज्य प्रतिनिधि कमलाकर सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील काले, कार्यकारिणी सदस्य कुलदीप सिंह, संदीप सिंह परिहार, नेहा भगत, कृष्ण मोहन गुप्ता, प्रमोद शर्मा, नरेन्द्र मिश्रा, सैफिया सोसायटी के प्रतिनिधि जैनबुद्दीन सिद्दकी तथा जिला उद्योग केन्द्र के प्रतिनिधि प्रवीण भट्ट सहित बड़ी संख्या में आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।

सभा उपरांत सदस्यों ने मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया और समाज सेवा के प्रति प्रेरणा ग्रहण की। अंत में सभी ने रेडक्रॉस की मानवीय सेवा भावना को और सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित