नयी दिल्ली , अप्रैल 20 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास के इलाकों का औचक निरीक्षण किया।
श्रीमती गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान काम में देरी, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब काम केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि काम के दौरान स्थानीय लोगों की आवाजाही, सुरक्षा और सुविधाओं पर कोई असर न पड़े और इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के सभी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता से बिना किसी समझौते के पूरे किए जाएं ताकि जनता को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आदेश दिया कि आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत ड्रेनेज सिस्टम का पुनर्निर्माण और नालों की तत्काल डीसिल्टिंग (गाद निकालना) सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव का स्थायी समाधान हो सके।
उन्होंने सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्त रोड और फुटपाथों के सौंदर्यीकरण के माध्यम से पैदल यात्रियों के लिए सुगम व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और टूटे-फूटे ढांचों को तुरंत दुरुस्त करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय होगी।
मुख्यमंत्री ने आजादपुर मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की, जिसे दिल्ली मेट्रो के सबसे महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह स्टेशन येलो, पिंक और निर्माणाधीन मैजेंटा लाइन (फेज-4) के बीच एक प्रमुख कड़ी बनेगा, जिससे उत्तर दिल्ली की कनेक्टिविटी में बदलाव आएगा। इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना पेश करती यह परियोजना फाइव-लेवल इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित है, जिसमें अंडरब्रिज, सड़क, रोड ओवरब्रिज और मेट्रो के विभिन्न स्तर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वर्षों से उपेक्षित क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित