नयी दिल्ली , अक्टूबर 15 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को लोकनायक अस्पताल में अत्याधुनिक ड्यूल सोर्स 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन और तीन अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का शुभारंभ किया।

श्रीमती गुप्ता ने लोकनायक अस्पताल में पहले शुरू की गई स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां माताओं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई है, जो मिल्क बैंक के रूप में कार्य कर रही है। इसके अलावा, अस्पताल में एनएटी मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे एचआईवी और हेपेटाइटिस की जांच लगभग 48 घंटे में की जा सकती है। यह तकनीक रक्त की जांच को अधिक प्रभावी बनाने और सुरक्षित ब्लड डोनेशन प्रक्रिया को मजबूत करने में भी सहायक है। अस्पताल में दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष वार्ड भी विकसित किया गया है, जहां उन्हें आवश्यक उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने नवजात शिशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए शुरू की गई 'अनमोल योजना' का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशु के रक्त की एक बूंद से संभावित आनुवंशिक बीमारियों की जांच की जाती है। इससे बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर आवश्यक उपचार शुरू करने में मदद मिलती है और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि आर्थिक स्थिति या किसी अन्य कठिनाई के कारण कोई भी नागरिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा तकनीक, बेहतर बुनियादी ढांचे और उन्नत जांच सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उचित उपचार की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि लोक नायक अस्पताल में अब अत्याधुनिक 'डुअल सोर्स सीटी स्कैनर' और '3-टेस्ला एमआरआई सिस्टम' से मरीजों को और ज्यादा बेहतर और बेहद तेज गति से जांच की सुविधाएं मिलेंगी। एलएनजेपी अस्पताल सघन आबादी वाले क्षेत्र में है और लाखों की संख्या में मरीज इलाज करवाने के लिए आते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सीटी स्कैन और एमआरआई की ये सुविधाएं मरीजों को बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित