पिथौरागढ़ , जुलाई 15 -- उत्तराखंड की केबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला के सीमांत तोली बरम में बुधवार को "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और एक सप्ताह के अंदर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में 400 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया जबकि 150 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों के करीब 40 स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को लाभ भी वितरित किए गए। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखियां और अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने सड़क और नालियों की मरम्मत, पेयजल संकट, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़, नए राशन कार्ड, सोलर लाइट, मोबाइल नेटवर्क, जलभराव और खेल मैदान निर्माण जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

श्रीमती आर्या ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर तलब कर कई मामलों का तत्काल समाधान कराया और शेष शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने बताया कि शिविर में करीब 160 शिकायतें और सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर समाधान कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शेष मामलों का भी तय समय सीमा में निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा। शिविर के दौरान लगभग 70 आधार कार्ड बनाए गए और विभिन्न विभागों ने योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया।

स्वास्थ्य विभाग ने 85 मरीजों का उपचार किया, जबकि आयुष विभाग की आयुर्वेद एवं होम्योपैथी ओपीडी में क्रमशः 162 और 205 लोगों ने सेवाएं प्राप्त कीं। कृषि, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, जल संस्थान, श्रम, पशुपालन, सहकारिता, उद्योग, कौशल विकास, मत्स्य और अन्य विभागों ने भी शिविर में योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

इससे पूर्व श्रीमती आर्या ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान और हरेला पर्व के तहत पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, डीएफओ आशुतोष सिंह, एसडीएम धारचूला आशीष जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित