श्रीगंगानगर , अगस्त 17 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ तापीय विद्युत संयंत्र के कोल हैंडलिंग संयंत्र में रेंगा इंजीनियरिंग वर्क्स कंपनी के श्रमिकों द्वारा अपनी मांगों को लेकर चलाया जा रहा धरना सोमवार को सफल वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया।
आज कोल हैंडलिंग संंयंत्र के अधीक्षण अभियंता एस.के. कड़वासरा, रेंगा इंजीनियरिंग वर्क्स कंपनी के प्रतिनिधि एवं इंटक पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें श्रमिकों की विभिन्न मांगों पर सहमति बन गयी।
इसके तहत जिन श्रमिकों को कार्य से हटाया गया है, उन्हें तत्काल प्रभाव से पुनः कार्य पर लिया जाएगा। भविष्य में किसी भी श्रमिक को बिना उचित कारण एवं पूर्व सूचना के कार्य से नहीं हटाया जाएगा। ड्यूटी समय के बाद किये गये कार्य का नियमानुसार दुगुना ओवरटाइम दिया जाएगा। प्रत्येक महीने श्रमिकों को चार साप्ताहिक अवकाश दिये जाएंगे और अवकाश के दिन कार्य कराने पर दुगुना ओवरटाइम का भुगतान किया जाएगा।
इसके अलावा सभी श्रमिकों को नियमित रूप से साप्ताहिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। सभी पात्र श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान किया जाएगा। साइट पर कार्यरत सभी श्रमिकों को आवश्यक एवं निर्धारित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाये जाएंगे।
इन मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद इंटक पदाधिकारियों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित