पिथौरागढ़ , जुलाई 25 -- रूस में रोजगार के लिए गये उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के दो युवकों को बंधक बनाए जाने की खबर भ्रामक निकली। दोनों युवक रूस में सुरक्षित बताये जा रहे हैं।

पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अक्षय प्रहलाद कोंडे के अनुसार ग्राम चिमस्यिानौला, पिथौरागढ़ निवासी भूपेन्द्र सिंह कार्की और आनंद सिंह कार्की इसी साल 05 मई को तीन वर्षीय वर्क परमिट पर रोजगार के लिए सितारगंज की फ्लाई हाई ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से रूस गए हैं।

कुछ दिन पहले दोनों भाइयों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने फ्लाई हाई ट्रैवल एजेंसी के संचालक रोहित तथा सहयोगी एजेंसी आर.आर. प्राइवेट लिमिटेड, मुनिरका दिल्ली के संचालक रामअवतार सैनी से पूछताछ की।

इसके अलावा पुलिस ने आनंद सिंह कार्की से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आनंद सिंह कार्की ने बताया कि वह और उनके भाई मास्को स्थित बिजनेस एक्सप्रेस कोरियर हाउस के वेयरहाउस में बारकोड स्कैनिंग का काम कर रहे हैं।

दोनों युवकों के पास उनके पासपोर्ट सुरक्षित हैं और वे अपने परिजनों से नियमित रूप से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि वे किसी भी प्रकार से बंधक नहीं हैं और आवश्यकता पड़ने पर स्वतंत्र रूप से भारत वापस लौट सकते हैं।

जांच में दोनों युवकों और संबंधित कंपनी के बीच कम वेतन को लेकर आपसी मतभेद की बात अवश्य सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित