बिलासपुर , अक्टूबर 27 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रोजगार की तलाश में रूस गए एक युवक के सात अक्टूबर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक को रूस में बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने और युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिवार की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस ने रूसी दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय से संपर्क कर युवक का पता लगाने तथा उसकी सुरक्षित वापसी के लिए सहयोग मांगा है।
पुलिस से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे नौकरी की तलाश में एक अक्टूबर को रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे थे। दसवीं तक पढ़ाई कर चुके विनीत को टेलीग्राम के एक ग्रुप के माध्यम से रूस में रोजगार मिलने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसके बाद उन्होंने विदेश जाकर काम करने का निर्णय लिया। हालांकि, सात अक्टूबर के बाद से परिजनों का उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका है।
विनीत की बहन ने आरोप लगाया है कि रूस पहुंचने के बाद उनके भाई को बंधक बनाकर रखा गया और युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया। जब विनीत ने युद्ध में जाने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई। बहन का यह भी आरोप है कि दबाव के बावजूद बात नहीं मानने पर विनीत को ड्रग्स से जुड़े झूठे मामले में फंसा दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, रूस पहुंचने के बाद विनीत को भारतीय दूतावास जाने से रोका गया। शुरुआत में उन्हें मॉस्को के एक होटल में रोककर रखा गया था। बाद में उन्हें वोल्गोग्राद भेज दिया गया, जहां एक अपार्टमेंट में रखा गया। परिवार का कहना है कि इसके बाद परिस्थितियां और गंभीर हो गईं तथा सात अक्टूबर से विनीत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है।
युवक की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिजनों ने बिलासपुर कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परिवार ने प्रशासन से विनीत का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए तत्काल पहल करने की मांग की है।
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रूसी दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय को पत्र भेजा गया है। संबंधित एजेंसियों से युवक की वर्तमान स्थिति, उसके ठिकाने और सुरक्षा के संबंध में जानकारी मांगी गई है। फिलहाल इन एजेंसियों से जवाब मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
इधर, विनीत के परिजनों ने केंद्र सरकार और रूस स्थित भारतीय दूतावास से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। परिवार का कहना है कि विनीत की सुरक्षित वापसी उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित