ब्रसेल्स , मार्च 26 -- यूरोपीय संघ (ईयू) की शीर्ष राजनयिक एवं विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने रूस पर ईरान से मिलीभगत और 'अमेरिकियों को मारने' के उद्देश्य से ईरान को खुफिया सहायता प्रदान करने का आरोप लगाया है।
पेरिस के पास जी-7 की बैठक में पत्रकारों से बात करते हुए सुश्री कल्लास ने कहा, "हम देख रहे हैं कि रूस अमेरिकियों को निशाना बनाने और उन्हें मारने के लिए ईरान की खुफिया मदद कर रहा है। रूस अब ईरान को ड्रोन से भी समर्थन दे रहा है, ताकि वे पड़ोसी देशों और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला कर सकें।"सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "ये युद्ध आपस में बहुत अधिक जुड़े हुए हैं... यदि अमेरिका चाहता है कि पश्चिम एशिया में युद्ध रुके और ईरान उन पर हमले बंद करे, तो उन्हें रूस पर भी दबाव बनाना चाहिए, ताकि वे उनकी मदद करने में सक्षम न रहें।"सुश्री कल्लास की यह टिप्पणी ब्रिटेन के रक्षा सचिव जॉन हीली के इसी तरह के दावे के कुछ घंटों बाद आयी है। अपने दावों के समर्थन में ब्रिटिश खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए श्री हीली ने कहा कि रूस ने न केवल ईरान को गुप्त रूप से खुफिया जानकारी प्रदान की है, बल्कि युद्ध शुरू होने से पहले उसके सैनिकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह ईरान के युद्ध प्रयासों के पीछे श्री 'पुतिन का छिपा हाथ' देख रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित