मास्को , नवंबर 1 -- जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि गेनाडी गैटिलोव ने 'आरआईए नोवोस्ती' को बताया कि रूस न्यू स्टार्ट संधि के तहत अपने परमाणु हथियारों को सीमित करना तभी शुरू करेगा जब अमेरिका भी ऐसा ही करेगा।

श्री गैटिलोव ने कहा, "राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा 5 फरवरी, 2026 के बाद न्यू स्टार्ट सीमाओं का पालन करने का प्रस्ताव महत्वपूर्ण है। लेकिन हथियारों को सीमित करने की प्रक्रिया हम तभी शुरू करेंगे जब अमेरिका भी ऐसा ही करेगा।" राजनयिक ने कहा कि इस विषय पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बावजूद रूस को अभी तक अमेरिका से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है।

श्री पुतिन ने इससे पहले कहा था कि रूस 5 फरवरी, 2026 के बाद भी एक वर्ष तक संधि के प्रतिबंधों का पालन जारी रखने के लिए तैयार है लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसा अनुपालन अमेरिका के पारस्परिक उपायों पर निर्भर करेगा। श्री ट्रंप ने पुतिन के प्रस्ताव को 'अच्छा विचार' बताया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने 28 अक्टूबर को कहा कि मास्को को अमेरिका से सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि न्यू स्टार्ट संधि को आगे बढ़ाने पर कुछ समय से कोई चर्चा नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित