, Sept. 19 -- मास्को, 19 सितंबर (स्पुतनिक/वार्ता) रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने मास्को में ब्रिटेन की कार्यवाहक राजदूत डैने ढोलकिया को तलब किया।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "18 सितंबर को रूस में मास्को में ब्रिटेन की कार्यवाहक राजदूत डैने ढोलकिया को रूसी विदेश मंत्रालय में तलब किया गया।"मंत्रालय ने कहा कि उसने लंदन द्वारा कीव को यूएवी और दूसरे हथियारों की आपूर्ति बढ़ाने के मामले में वहां के राजनयिक प्रतिनिधि के सामने विरोध दर्ज कराया है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि कीव को लंबी दूरी के हथियारों की आपूर्ति करके, लंदन खुद को कीव के अत्याचारों में साझीदार बना रहा है।

बयान में कहा गया, "यूके को उन अंतरराष्ट्रीय दायित्वों की सूची सौंपी गई है जिनका वह कीव का समर्थन करके उल्लंघन कर रहा है।"मंत्रालय ने कहा कि लंदन की नीति को देखते हुए, मास्को आत्म-रक्षा के अपने अधिकार के तहत जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। साथ ही, मंत्रालय ने यह भी कहा कि हालात बिगड़ने पर इसकी पूरी ज़िम्मेदारी लंदन की होगी।

बयान में कहा गया कि यूके को तनाव बढ़ाने वाले अपने रवैये को छोड़ना होगा और अपनी गतिविधियों को संबंधित अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप करना होगा।

मंत्रालय ने यह भी पुष्टि की कि यूक्रेन में मौजूद यूके की जिन सैन्य सुविधाओं का इस्तेमाल रूसी क्षेत्र पर हमले करने के लिए किया जाता है वे रूसी सशस्त्र बलों के लिए वैध लक्ष्य हैं। मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन में यूके की गतिविधियों का उद्देश्य स्पष्ट रूप से सशस्त्र संघर्ष को लंबा खींचना और उसे बढ़ाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित