मॉस्को , जुलाई 11 -- रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर उच्च सटीकता वाले हमले किये हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रूसी सेना ने शुक्रवार रात कीव स्थित एयरोड्रोन संयंत्र को निशाना बनाया, जहां मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) का निर्माण किया जाता है।
मंत्रालय के अनुसार, हमलों में फैनप्लिट परिसर को भी निशाना बनाया गया, जहां फायर प्वाइंट-2 ड्रोन का संयोजन और भंडारण किया जाता था। रूस का दावा है कि इस परिसर को प्लाईवुड और फर्नीचर निर्माण इकाई के रूप में छिपाकर संचालित किया जा रहा था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि ओडेसा क्षेत्र के इज्माइल, चेर्नोमोर्स्क और युजनी बंदरगाहों पर भी हमले किये गये। मंत्रालय के अनुसार, ये बंदरगाह यूक्रेनी सशस्त्र बलों के लिए प्रमुख रसद केंद्र के रूप में इस्तेमाल किये जा रहे थे। हमलों में ईंधन भंडारण केंद्र, सैन्य सामग्री गोदाम, हथियार एवं उपकरण भंडारण स्थल तथा सैन्य अभियानों में उपयोग होने वाले बंदरगाह ढांचे को निशाना बनाया गया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई रूस के नागरिक बुनियादी ढांचे पर कीव द्वारा किये गये कथित हमलों के जवाब में की गयी। रूस का आरोप है कि युद्धक्षेत्र में लगातार झटकों के बीच यूक्रेन ने रूस के भीतर ऊर्जा प्रतिष्ठानों और नागरिक ठिकानों पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले तेज कर दिये हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह रूस के रक्षा मंत्रालय ने उत्तर-पश्चिमी डोनबास स्थित रणनीतिक महत्व के यूक्रेनी गढ़ कोन्स्तान्तिनोवका पर कब्जा करने का दावा किया था। मंत्रालय के अनुसार, इससे स्लावियांस्क-क्रामातोर्स्क क्षेत्र की ओर रूसी सेना की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जहां अभी भी यूक्रेनी सेना के दो प्रमुख शहर उसके नियंत्रण में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित