मास्को , मार्च 22 -- रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय नीतियों पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि अमेरिका जानबूझकर, रूस को वैश्विक ऊर्जा बाजारों से बेदखल करने की कोशिश कर रहा है।

वह शनिवार को एक रूसी टीवी चैनल पर आयोजित एक चर्चा में बोल रहे थे। श्री लावरोव ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अमेरिका की ओर से रूस के हितों के सम्मान की कोई प्रतिबद्धता दिखाई नहीं दे रही है।

श्री लावरोव ने कहा, "हमें सभी अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों से बाहर धकेला जा रहा है और अंततः केवल हमारा अपना क्षेत्र ही शेष बचेगा।" उन्होंने कहा कि अमेरिका ने यूरोपीय ऊर्जा बाजार में रूस के कमजोर होने का न केवल स्वागत किया है, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर ऊर्जा प्रभुत्व स्थापित करने के एक खुले दावे के रूप में इस्तेमाल कर रहा है।

रूसी विदेश मंत्री के अनुसार, यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय संबंधों के उस दौर की याद दिलाती है जब कोई तय ढांचा नहीं था और अमेरिकी हितों को किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से ऊपर रखा जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित