बीजिंग , मई 20 -- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी साझेदारी को "रणनीतिक" बताते हुए अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, परिवहन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग सहित प्रमुख क्षेत्रों को शामिल करते हुए 20 समझौतों पर हस्ताक्षर किये हैं।

श्री पुतिन और श्री जिनपिंग ने अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से संयुक्त बयान जारी किया है। इसके साथ ही एक बहुध्रुवीय दुनिया और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए एक नये ढांचे का समर्थन करने वाली घोषणा भी जारी की गई है। श्री पुतिन ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार "पिछले 25 वर्षों में 30 गुना से अधिक" बढ़ा है और "लगातार कई वर्षों तक 200 अरब डॉलर के आंकड़े से ऊपर" बना रहा है। बैठक के श्री पुतिन ने कहा कि रूस और चीन ने एक स्थिर व्यापार प्रणाली विकसित की है जो बाहरी दबाव और वैश्विक बाजार की अस्थिरता के प्रति कम संवेदनशील है।

उन्होंने कहा कि आपसी लेन-देन में रूबल और युआन का इस्तेमाल बढ़ाने से "आर्थिक संबंधों को सुरक्षित रखने और ज़्यादा स्थिरता सुनिश्चित करने" में मदद मिली है और अब लगभग सारा व्यापार राष्ट्रीय मुद्राओं में ही होता है।

श्री पुतिन ने "चीन को तेल और गैस की बिना किसी रुकावट के आपूर्ति जारी रखने" के लिए रूस की तत्परता पर भी ज़ोर दिया। साथ ही बताया कि रूस की सरकारी परमाणु ऊर्जा निगम रोसाटॉम चीन के परमाणु संयंत्रों में नयी बिजली इकाइयाँ पूरी कर रही है, जो ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को दर्शाता है। इस साझेदारी को "वैश्विक मामलों में एक स्थिर करने वाली शक्ति" बताते हुए श्री पुतिन ने लोगों के बीच बढ़ते संबंधों की ओर इशारा किया, जिसमें वीज़ा-मुक्त व्यवस्था के तहत यात्रा में हुई बढ़ोतरी भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि 2025 में 20 लाख से ज़्यादा रूसियों ने चीन की यात्रा की, जबकि 10 लाख से ज़्यादा चीनी नागरिकों ने रूस की यात्रा की। उन्होंने कहा कि रूस-चीन संबंध एक अभूतपूर्व स्तर पर पहुँच गए हैं, और इन्हें व्यापक रणनीतिक सहयोग का एक ऐसा आदर्श बताया जो बाहरी दबावों के बावजूद मज़बूत बना रहा है। श्री पुतिन ने कहा कि ऊर्जा आपसी आर्थिक संबंधों का एक मुख्य आधार बनी हुई है, और रूस चीन को ऊर्जा की आपूर्ति करने वाला एक प्रमुख देश बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित