कीव , मई 24 -- रूस ने यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर हवाई हमले करते हुए सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागी हैं, जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी है और 80 से अधिक लोग घायल हो गये हैं।

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) के अनुसार, रविवार तड़के पूरे क्षेत्र में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं और आवासीय इमारतों तथा स्कूलों को भारी नुकसान पहुंचने की रिपोर्टें हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि कीव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर बिला सेरकवा पर किए गए हमले में रूस ने ओरेश्निक हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल किया। ये हमले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के बाद हुए हैं, जिसमें उन्होंने यूक्रेन पर शुक्रवार को लुहांस्क के स्टारोबिल्स्क शहर में एक छात्र छात्रावास पर घातक हमला करने का आरोप लगाते हुए जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प किया था । उन्होंने इस घटना को यूक्रेन के 'नव-नाजी शासन' द्वारा किया गया एक सोचा-समझा 'आतंकवादी हमला' करार दिया और बताया कि यह हमला मुख्य शैक्षणिक भवन और छात्रावास को निशाना बनाकर तीन चरणों में किया गया, जिसमें एक ही लक्ष्य पर 16 ड्रोन दागे गए।

गौरतलब है कि छात्रावास पर किए गए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। दो दिनों तक चले सघन तलाशी और बचाव अभियान के समाप्त होने के बाद मलबे से सभी पीड़ितों के शव निकाल लिए गए हैं।

यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने कहा कि उसने शुक्रवार रात रूसी कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन में स्टारोबिल्स्क के पास एक हमला जरूर किया था, लेकिन यह हमला रूस की एक विशिष्ट सैन्य इकाई को निशाना बनाकर किया गया था। हालांकि रूसी राष्ट्रपति ने दावा किया था कि वहां कोई सैन्य सुविधा नहीं थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित