ऋषिकेश , जुलाई 22 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में अवैध कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बुधवार को रूसा फार्म क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक महिला को अवैध कच्ची शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने रूसा फार्म निवासी महेंद्र कौर पत्नी गुरुमुख सिंह को अवैध कच्ची शराब की बिक्री करते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच में लगभग 1.5 लीटर शराब थी। कुल मिलाकर करीब 25 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी महिला के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित