चंडीगढ़ , अक्टूबर 24 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित हयात सेंट्रिक में शनिवार को क्लिनिकल रुमेटोलॉजी पर एक दिवसीय सम्मेलन 'रूमा डायलॉग 2026' आयोजित किया गया। इसमें 150 से अधिक डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का आयोजन डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स), मोहाली के जनरल मेडिसिन विभाग ने किया। पंजाब मेडिकल काउंसिल ने सम्मेलन को चार क्रेडिट आवर्स प्रदान किए।
सम्मेलन में पीजीआईएमईआर, जीएमसीएच-32, डीएमसी लुधियाना सहित उत्तर भारत, दिल्ली और कोलकाता के संस्थानों से 30 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लिया। दस सत्रों में रुमेटॉइड आर्थराइटिस, ल्यूपस, गाउट, कमर दर्द, जोड़ों की बीमारियों की जांच और गर्भावस्था के दौरान रुमेटिक रोगों से पीड़ित महिलाओं की देखभाल पर चर्चा हुई।
इंडियन रुमेटोलॉजी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पीजीआईएमईआर के प्रोफेसर डॉ. अमन शर्मा ने रक्त वाहिकाओं में सूजन से संबंधित वैस्कुलाइटिस पर व्याख्यान दिया। सम्मेलन के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित