नयी दिल्ली , मई 24 -- भारत यात्रा पर आये अमेरिका के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रूबियो ने रविवार को यहां राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की और परस्पर महत्व के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों रक्षा, सुरक्षा और रणनीतिक प्रौद्योगिकी तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग पर बातचीत की।

प्रवक्ता ने कहा, "अमेरिका के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रुबियो ने आज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की। चर्चाएँ रक्षा, सुरक्षा और रणनीतिक प्रौद्योगिकी से संबंधित सहयोग पर केंद्रित रहीं, जिनमें महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित 'ट्रस्ट' पहल भी शामिल है।" दोनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने द्विपक्षीय व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को दोहराया। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

श्री रूबियो ने इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की थी। उन्होंने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की थी। मंगलवार को वह श्री जयशंकर और आस्ट्रेलिया तथा जापान के विदेश मंत्रियों के साथ क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।

श्री जयशंकर ने द्विपक्षीय बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिका के विदेश मंत्री रूबियो के साथ व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की विस्तार से समीक्षा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित