नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- विदेश मंत्री एस जयशंकर 20 अक्टूबर को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुंबई में मुलाकात करेंगे और इस दौरान दोनों देशों के संबंधों की समीक्षा के साथ-साथ व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा होगी।
श्री जयशंकर 19 तथा 20 अक्टूबर को मुंबई में ही संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री महामहिम शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की आधिकारिक यात्रा की मेजबानी करेंगे।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्री के मुंबई में कार्यक्रमों से जुड़े सवालों के जवाब में यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने कहा ," विदेश मंत्री 19 तथा 20 अक्टूबर को मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री महामहिम शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की आधिकारिक यात्रा की मेजबानी करेंगे। विदेश मंत्री मुंबई में 20 अक्टूबर को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत करेंगे और अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।"उन्होंने कहा कि अमेरिका के विदेश मंत्री की आगामी यात्रा से दोनों देशों को भारत-अमेरिका संबंधों की समीक्षा करने और अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। बातचीत में द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्र शामिल होने की उम्मीद है। इनमें ऊर्जा, व्यापार और निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकि तथा आपसी हित के अन्य क्षेत्र शामिल हैं। दोनों पक्ष क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत को जारी रखने और साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने का अवसर देगी।
श्री जयशंकर और श्री रुबियो के बीच राजधानी दिल्ली के बजाए मुंबई में वार्ता होने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में श्री जायसवाल ने कहा कि पिछले एक दशक से यह परंपरा रही है कि समय-समय पर भारत के अलग-अलग शहरों में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी की जाती रही है।
प्रधानमंत्री ने स्पेन के प्रधानमंत्री की बड़ौदा में, जर्मनी के चांसलर मर्ज की अहमदाबाद में और मॉरीशस के प्रधानमंत्री की वाराणसी में मेजबानी की थी।
इसके अलावा विदेश मंत्री ने शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक की गोवा में, बोत्सवाना के विदेश मंत्री की केवड़िया में और हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन की अमृतसर में मेजबानी की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित