चंडीगढ़ , अक्टूबर 11 -- पंजाब के रूपनगर जिले में अवैध खनन के खिलाफ रात में चलाए गए अभियान के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और पांच वाहन एवं मशीनें जब्त की गईं।
खनन एवं भूविज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने रविवार को बताया कि खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चमकौर साहिब क्षेत्र में यह कार्रवाई की। जब्त किए गए उपकरणों में तीन उत्खनन मशीनें, जिनमें एक बैकहो लोडर शामिल है, तथादो टिप्पर शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपनगर जिले के बेला निवासी रवि कुमार, बामा निवासी अश्वनी कुमार और लखोवाल निवासी हरजिंदर सिंह तथा शहीद भगत सिंह नगर जिले के टौंसा निवासी अश्वनी कुमार और ऐमा निवासी जसपाल सिंह के रूप में हुई है।
मंत्री के अनुसार, कनिष्ठ अभियंता-सह-खनन निरीक्षक की शिकायत पर श्री चमकौर साहिब थाने में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार अवैध खनन पर रोक लगाने और राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और लोगों की जरूरतों के लिए खनिजों की वैध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित