रूद्रपुर , फरवरी 25 -- उत्तराखंड के रूद्रपुर में महिला सामूहिक बलात्कार मामले के एक आरोपी ने बुधवार को चूहे मारने की दवा खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। आरोपी का पुलिस हिरासत में अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी नाम खेड़ा, नगीना निवासी अभय सक्सेना बताया गया है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के चक्कर में ट्रेन से भागने की फिराक में था। इसी दौरान नगीना रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) नियमित जांच कर रही थी।
आरोपी को महसूस हुआ कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घबराहट में उसने आत्महत्या करने के प्रयास में चूहे मारने की दवा गटक ली। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी रूद्रपुर सामूहिक बलात्कार का आरोपी है।
जीआरपी ने तत्काल रूद्रपुर पुलिस को सूचना दी और उसे रूद्रपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पता चला है कि आरोपी अभय सक्सेना, खेड़ा निवासी राजा और भदईपुरा निवासी करण तीनों बलात्कार पीड़िता महिला के जीजा के दोस्त हैं।
पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी रूद्रपुर सरस मेले में साथ थे। आरोपियों ने घर जाते वक्त सुनसान जगह में महिला के साथ कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गये। पुलिस को आशंका है कि महिला का जीजा भी इस साजिश में शामिल है। उससे पूछताछ चल रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि 22 फरवरी को भदईपुरा निवासी पीड़ित महिला अपने जीजा के साथ रूद्रपुर के गांधी पार्क में आयोजित सरस मेेले में घूमने आयी थी। आरोप है कि घर वापस लौटते वक्त कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और महिला के साथ सामूहिक की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने 24 फरवरी को गैंग रेप के मामले में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित