हरिद्वार , अप्रैल 02 -- उततराखंड में हरिद्वार जिले के कोतवाली रुड़की क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को गौकशी के एक गंभीर मामले का पर्दाफाश करते हुए महिला को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने मौके से गौवंशीय मांस और पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं, जबकि इस प्रकरण में शामिल पांच अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि ग्राम जौरासी में गौकशी कर मांस को एक मकान में छिपाकर रखा गया है। सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कोतवाली रुड़की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिफाकत नामक व्यक्ति के मकान पर छापेमारी की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला को हिरासत में ले लिया, जबकि वहां मौजूद पांच अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 25 किलोग्राम गौवंशीय मांस तथा पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला ग्राम जौरासी, कोतवाली रुड़की क्षेत्र की निवासी है। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित