हरिद्वार/रुड़की , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड के जनपद कलियर थाना क्षेत्र में बुधवार को कांवड़ पटरी स्थित मेहवड़ पुल के पास एक महिला के गंगनहर में छलांग लगा देने से अफरा‑तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार महिला अपने तीन बच्चों के साथ कांवड़ पटरी पर पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला ने बच्चों को घाट पर बैठाया और अचानक खुद गंगनहर में कूद गई। पानी में बहती महिला को देखकर कुछ साहसी राहगीरों ने तुरंत ही पानी में छलांग लगाकर महिला को बाहर निकाल लिया।

समय रहते मिली मदद से महिला की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित