मुंबई , दिसंबर 15 -- रुपये में लगातार जारी गिरावट के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 54.30 अंक (0.06 प्रतिशत) फिसलकर 85,213.36 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 19.65 अंक यानी (0.08 प्रतिशत) गिरकर 26,027.30 अंक पर रहा।
रुपये पर आज भारी दबाव रहा। बीच कारोबार में यह पहली बार 90.80 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया। इससे शेयर बाजारों में निवेश धारणा कमजोर रही।
बाजार में आज शुरुआती गिरावट रही। दोपहर बाद कुछ देर के लिए सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान को छूने में कामयाब रहे, हालांकि अंत में गिरावट में लाल निशान में ही बंद हुए।
बड़ी और मझौली कंपनियों पर जहां दबाव रहा, वहीं छोटी कंपनियों में निवेशकों ने लिवाली की। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.08 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी जबकि स्मॉलकैप-100 में 0.21 प्रतिशत की तेजी देखी गयी।
च्वॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के विश्लेषक अमृता शिंदे और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियर सर्विसेज में वेल्थ मैनेजमेंट के अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने बताया कि वृहद बाजार में निवेशकों ने चुनिंदा कंपनियों में खरीदारी की।
एनएसई में कुल 3,237 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,665 के शेयर हरे निशान में और 1,468 के लाल निशान में बंद हुए। वहीं, 104 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित रहे।
ऑटो, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में ज्यादा गिरावट रही। मीडिया, एफएमसीजी, आईटी, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 में से 15 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 1.42 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 0.79 फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 0.70, एशियन पेंट्स में 0.53 और टाटा स्टील तथा इंफोसिस दोनों में 0.52 फीसदी की तेजी रही।
महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 1.94 फीसदी गिरा। बजाज फिनसर्व का शेयर 0.79 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.71, अडानी पोर्ट्स का 0.66 और भारती एयरटेल का 0.55 प्रतिशत टूट गया।
वैश्विक बाजारों में एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.34 फीसदी, जापान का निक्केई 1.31 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.55 फीसदी गिरकर बंद हुआ। वहीं, यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.90 फीसदी और जर्मनी का डैक्स 0.51 फीसदी ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित