रुद्रप्रयाग , अक्तूबर 24 -- उत्तराखंड के जनपद रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी (डीएम) विशाल मिश्रा के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शत-प्रतिशत नागरिकों की आभा आईडी बनाने के लिए सोमवार 26 अक्तूबर से घर-घर आभा आईडी निर्माण अभियान शुरू किया जा रहा है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के लिए विभाग द्वारा समस्त तैयारियां पूरी कर दी हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डाॅ. पारूल गोयल ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत नागरिकों की अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप में व्यवस्थित करने के लिए विशिष्ट 14 अंकों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) आईडी बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद रुद्रप्रयाग में 2,79,240 के सापेक्ष 1,88,405 आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। शेष पात्र नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने तथा आभा आईडी निर्माण की प्रगति में तेजी लाने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को आभा आईडी के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ ही पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

सीएमओ ने जानकारी दी कि अभियान के सफल संचालन के लिए विभाग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को 26 अक्तूबर से 30 नवंबर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकत्रियों, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों तथा अन्य फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर नागरिकों को आभा आईडी के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा पंजीकरण प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अभियान की दैनिक मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्रतिदिन की प्रगति का आंकलन कर आवश्यकतानुसार अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापक जन जागरूकता व अधिकाधिक नागरिकों को आभा आईडी निर्माण अभियान से जोड़ने के लिए जिला पंचायतीराज अधिकारी तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर ग्राम एवं वार्ड स्तर पर कार्यरत अपने अधीनस्थ कार्मिकों को अभियान में सहयोग प्रदान करने के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने आमजन से अभियान के दौरान घर-घर पहुंचने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सहयोग करते हुए अपनी आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनवाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित