रुद्रप्रयाग , जून 08 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को विभिन्न योग कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। जबकि "प्रयास 2026" के अंतर्गत गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ऑनलाइन योग सत्र में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से पंजीकरण कराने का अनुरोध किया गया है।
इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कराने का अनुरोध किया गया है। यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून को आयोजित किया जाएगा।
मुख्य आयोजन 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से जिले के तीन प्रमुख स्थलों गुलाबराय मैदान रुद्रप्रयाग, श्री केदारनाथ धाम तथा श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर ऊखीमठ में आयोजित किए जाएंगे। इनमें मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम केे लिए गुलाबराय मैदान रुद्रप्रयाग को चिन्हित किया गया है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगे।
योग दिवस की पूर्व तैयारियों एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत 16 जून को प्रातः 6:30 बजे से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स/क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि में "रन फॉर योग" कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। जिले में योग के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक यू-ट्यूब लिंक @यूकेडीआईआरआयुर्वेद/डायरक्ट्रेट आयुर्वेद उत्तराखंड के माध्यम से योग का ऑनलाइन प्रसारण किया गया, जिसमें समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऑनलाइन जुड़कर योगाभ्यास किया।
इसके अतिरिक्त नमस्ते योगा ऐप एवं योग ब्रेक कार्यक्रम के माध्यम से भी योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसके लिए जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय की टीम विभिन्न शासकीय कार्यालयों में जाकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमस्ते योगा ऐप डाउनलोड कराने तथा योग ब्रेक की जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित