रुद्रप्रयाग , मई 13 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के जवाड़ी पुल के समीप बुधवार देर शाम को सड़क हादसे में एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार वाहन सड़क से नीचे नदी तट के पास दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम और जोखिमपूर्ण होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा की टीम उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस व डीडीआरएफ के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गोल्डन ऑवर को ध्यान में रखते हुए जवानों ने खाई में उतरकर दोनों घायलों तक पहुंच बनाई और सावधानीपूर्वक उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिया गया तथा एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित