रुद्रप्रयाग , मार्च 06 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने वाहनों का सघन जांच अभियान शुरू किया है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में यह अभियान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दिन और रात्रि दोनों समय चलाया जा रहा है। परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रप्रयाग धमेंद्र सिंह बिष्ट कर रहे हैं। अभियान के तहत विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और राजमार्गों पर दोपहिया, चार पहिया तथा व्यावसायिक वाहनों की नियमित रूप से जांच की जा रही है।
जांच के दौरान वाहनों में रिफ्लेक्टर की उपलब्धता, वाहन की फिटनेस, टैक्स अदायगी, ओवरलोडिंग तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। चालकों को बताया जा रहा है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग उनकी सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा यातायात नियमों का पालन कर वे स्वयं और अन्य लोगों की जान बचा सकते हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बिष्ट ने शुक्रवार को बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग समय-समय पर ऐसे अभियान चलाता रहता है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित