देहरादून , अक्तूबर 17 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद अन्तर्गत स्थित भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक वाहन शनिवार को अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में सवार सभी 16 लोगों के घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार वाहन में आठ महिलाए भी मौजूद थीं।

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा परिचालन केन्द्र प्रभारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि आज दोपहर 02:33 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से सूचना प्राप्त हुई कि पीडब्लूडी तिराहे के समीप एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया है। वाहन में चालक सहित कुल 16 लोग सवार थे।

उन्होंने बताया कि उक्त सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए डीडीआरएग टीम एवं 108 एम्बुलेंस को सूचित किया गया। घटनास्थल पर डीडीआरएफ टीम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ), पुलिस एवं कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी सहित 108 एम्बुलेंस की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्यवाही की गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है, जहाँ सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित