देहरादून , अप्रैल 23 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में बुधवार देर रात एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गयी।

एसडीआरएफ के कमांडेंट आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने गुरुवार को बताया कि मध्य रात्रि समय 23:54 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना के अनुसार वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सूचना मिलते ही अगस्तमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में बचाव टीम तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हुई। जहां पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में कुल तीन व्यक्ति सवार थे, जिनकी दुर्घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।

श्री यदुवंशी ने बताया कि बचाव टीम द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए शवों को खाई से निकालने का अभियान प्रारंभ किया गया, जिसमें अब तक एक शव को निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया गया है, जबकि शेष शवों को निकालने की कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित