देहरादून , जुलाई 05 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में रविवार अपराह्न से सोमवार अपराह्न तक 24 घंटों का उच्च स्तरीय भूस्खलन आने की आशंका है।

रविवार को जिला आपात कालीन परिचालन केन्द्र रूद्रप्रयाग प्रभारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया जीएसआई के भूस्खलन पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, जनपद के तहसील रुद्रप्रयाग, जखोली एवं ऊखीमठ में आज अपराह्न 14:30 बजे से सोमवार छह जुलाई अपराह्न 14:30 बजे तक लगभग 24 घंटों के भूस्खलन की उच्च संभावना व्यक्त की गई है।

चेतावनी के अनुसार सभी संबंधित विभाग एवं फील्ड अधिकारी, कर्मचारी अलर्ट मोड में रहें। संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की भूस्खलन, मार्ग अवरोध अथवा अन्य आपदा संबंधी घटना की सूचना तत्काल जिला आपात कालीन परिचालन केन्द्र रुद्रप्रयाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

चेतावनी में आमजन एवं यात्रियों से भी अनुरोध किया गया है कि मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए तैयारी का उच्चतम स्तर बनाये रखें। साथ ही किसी भी दैवीय आपदा, घटना, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध अथवा क्षति की सूचना जिला आपात कालीन परिचालन केन्द्र, रूद्रप्रयाग के सम्पर्क नंबर भी आमजन की सुविधा को जारी किये गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित