ऊधमसिंह नगर , मार्च 27 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रूद्रपुर में पुलिस ने 35 लाख रुपए मूल्य की स्मैक के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार रात को रुद्रपुर-काशीपुर राजमार्ग पर बालाजी अपार्टमेंट कट के पास वाहनों की जांच के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

जांच के दौरान एक कार को रोक कर तलाशी ली गई। वाहन से 103.29 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके से अमरजीत सिंह और सुखदेव सिंह निवासी ग्राम खुशालपुर, थाना गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से स्मैक तस्करी में सक्रिय थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के साथ ही अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। अमरजीत सिंह के खिलाफ मादक पदार्थ, शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं जबकि सुखदेव सिंह पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित