रुद्रपुर , अक्टूबर 04 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की रुद्रपुर पुलिस और मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) बल ने 21.450 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर के नेतृत्व में गठित टीम की ओर से शनिवार रात को जांच अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीम ने त्रिशूल चौक से होते हुए रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे पर ब्लॉक कार्यालय के पास एक वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन से 21.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के पलवल जिले के थाना हथीन क्षेत्र के ग्राम जैनपुर निवासी राजेश कुमार (48) और रुद्रपुर के मलिक कॉलोनी वार्ड नंबर 31 के हाल निवासी प्रशांत शिकारी (41) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से ददू उर्फ नीलू नामक व्यक्ति से लाये हैं और रुद्रपुर में थोक और फुटकर में बेचते थे। आरोपी राजेश कुमार वर्ष 2020-21 में तेलंगाना के थाना भद्राचलम क्षेत्र में 200 किलो गांजे के मामले में जेल जा चुका है। वह अर्टिगा कार में टैक्सी नंबर लगाकर गांजे की तस्करी करता रहा है। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित