रुद्रपुर , जुलाई 19 -- उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने शनिवार देर रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.187 किलोग्राम अफीम के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और पीलीभीत निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद अफीम का मूल्य 10 लाख रुपये आंका गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल और विशेष अभियान समूह (एसओजी) प्रभारी उमेश कुमार के नेतृत्व में रुद्रपुर कोतवाली पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की ओर से बगवाड़ा रोड स्थित रामनगर शिव मंदिर के पास जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को देखकर बाइक सवार दो युवक भागने लगे, लेकिन बारिश के कारण कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों की मौके पर ही तलाशी ली गई। दोनों से 2.187 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह बरामद अफीम को उप्र मुजफ्फरनगर निवासी मुजफ्फर अंसारी से लेकर आए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित